दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन की टीम ने किया टाटानगर रेलवे अस्पताल का निरीक्षण, उठाए कई महत्वपूर्ण मुद्दे

 दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन की टीम ने किया टाटानगर रेलवे अस्पताल का निरीक्षण, उठाए कई महत्वपूर्ण मुद्दे
Spread the love

जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन की एक टीम ने गुरुवार को टाटानगर रेलवे अस्पताल का निरीक्षण किया। इस टीम का नेतृत्व मंडल संयोजक कॉमरेड मनोज कुमार सिंह ने किया। निरीक्षण कार्य CMS डॉ. महाली की देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान अस्पताल में कई गंभीर समस्याएं सामने आईं, जिन पर तुरंत कार्रवाई और समाधान की दिशा में पहल की गई।

छत से पानी का रिसाव, वार्डों में जलजमाव

निरीक्षण के दौरान मेल और फीमेल वार्ड में छत से पानी का रिसाव पाया गया, जिससे पूरे वार्ड में जल जमाव की स्थिति बन गई थी। इस गंभीर समस्या को देखते हुए मनोज कुमार सिंह ने तत्काल IOW टाटानगर से संपर्क कर मरम्मत कार्य शुरू करने को कहा। इसके साथ ही कॉन्ट्रैक्टर से भी समुचित दिशा-निर्देश दिए गए। आश्वासन मिला है कि जल्द ही रिसाव की समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : जिले भर के जेलों की सुरक्षा व्यवस्था होगी और सख्त, लगेंगे 4G-5G जैमर, उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

अस्पताल में साफ-सफाई की कमी

अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की भारी कमी देखी गई। इस पर CMS डॉ. महाली ने संज्ञान लेते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया और निरीक्षण के दौरान ही सफाई कार्य शुरू करवाया गया।मरीजों को गर्मी में असुविधा न हो, इसके लिए लगाए गए सेंट्रलाइज्ड एसी की स्थिति ठीक नहीं पाई गई। इस विषय में CMS ने मनोज सिंह को संबंधित उच्चाधिकारी से बात कर समाधान निकालने का अनुरोध किया। सिंह ने आश्वासन दिया कि आगामी बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।

मरीजों के भोजन की गुणवत्ता सुधारने की मांग

भर्ती मरीजों को उच्च गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध हो और मेनू के अनुसार भोजन दिया जाए, इस पर भी चर्चा हुई। मेंस यूनियन ने इस व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग रखी। अस्पताल में डॉक्टरों की कमी महसूस की गई। यूनियन ने मांग की है कि अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। CMS डॉ. महाली ने आश्वासन दिया कि आवश्यक सभी दवाएं अस्पताल के मेडिसिन स्टोर में उपलब्ध रहेंगी और इसकी सतत निगरानी की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : टाटा स्टील में यौन उत्पीड़न रोकने की सख्त पहल, सभी प्लांट और कार्यक्षेत्रों में बनीं आंतरिक शिकायत समितियां

आपात स्थिति में रेफरल की व्यवस्था जरूरी

आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर उचित इलाज मिल सके, इसके लिए रेलवे अस्पताल का अन्य बड़े अस्पतालों से टाई-अप कर रेफरल की व्यवस्था की मांग की गई। अस्पताल में 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध हो, यह भी निरीक्षण के दौरान उठाया गया एक महत्वपूर्ण मुद्दा रहा। इस निरीक्षण अभियान में मेंस यूनियन के कद्दावर नेता कॉमरेड संजय सिंह, कॉम शकील, कॉम विजित, कॉम नीतिश कुमार समेत कई अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। अस्पताल के तमाम कर्मचारी भी इस मौके पर मौजूद रहे।

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!