सरायकेला : गम्हरिया में कैंसर से जूझ रहे टाटा स्टील अधिकारी ने परिवार समेत की आत्महत्या, पुलिस को नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
जमशेदपुर : गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्रगुप्त नगर से शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. टाटा स्टील गम्हरिया प्लांट में कार्यरत सीनियर ऑफिसर कृष्ण कुमार (40) ने अपनी पत्नी डोली देवी (35), बड़ी बेटी पूजा (13) और छोटी बेटी मैया (4) के साथ आत्महत्या कर ली. पुलिस को चारों के शव उनके घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटके मिले. कृष्ण कुमार टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स के मुख्य कार्यालय में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे.
इसे भी पढ़ें : टाटानगर से बादामपहाड़ रेलखंड का जीएम ने किया निरीक्षण, स्टेशनों की खामियों पर अधिकारियों को लगाई फटकार
दो दिनों से बंद था घर, दुर्गंध आने पर टूटा सन्नाटा
स्थानीय लोगों के अनुसार, कृष्ण कुमार का परिवार पिछले दो दिनों से घर से बाहर नहीं निकला था. शुक्रवार शाम पड़ोसियों को घर से दुर्गंध आने पर शक हुआ. उन्होंने तुरंत आदित्यपुर थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जब दरवाजा नहीं खुला, तो उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया. अंदर का दृश्य देख हर कोई सन्न रह गया, चारों सदस्य फंदे से लटके मिले.

