सरायकेला : राजनगर थाना क्षेत्र के मुरुमडीह गांव स्थित माझी टोला में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के निवासी सीताराम मार्डी ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी फूलमनी मार्डी की लोहे के साबल से सिर पर वार कर हत्या कर दी। यह घटना थाना से महज दो किलोमीटर की दूरी पर घटी।
पुलिस को सोमवार सुबह घटना की सूचना मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी चंचल कुमार मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का साबल भी बरामद कर लिया है।
परिजनों के अनुसार, घटना रविवार रात लगभग 2 बजे की है। सभी लोग रोज़ की तरह खाना खाकर सो गए थे। रात में अचानक चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन जागे तो देखा कि फूलमनी खटिया पर खून से लथपथ पड़ी है। जब तक उसे उठाया जाता, उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन इस घटना से स्तब्ध हैं।
4 साल पहले किया था प्रेम विवाह, नहीं थी संतान
जानकारी के अनुसार, सीताराम मार्डी ने चार साल पहले पश्चिम बंगाल के डेबरा गांव की फूलमनी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों एक सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे, लेकिन शादी के चार साल बाद भी उनके कोई संतान नहीं थी। परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों से सीताराम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
मायके वालों को दी गई सूचना, पुलिस कर रही है पूछताछ
घटना की जानकारी फूलमनी के मायकेवालों को दे दी गई है और पुलिस उनके आने का इंतजार कर रही है। इधर, आरोपी सीताराम से गहन पूछताछ की जा रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस मानसिक स्वास्थ्य की भी जांच कराने की तैयारी में है। इस दर्दनाक घटना के बाद मुरुमडीह गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण भी इस निर्मम हत्या से सकते में हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।