सरायकेला : कांड्रा थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव की 64 वर्षीय वृद्धा मैनु माझियान की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 31 मई को महिला नहाने गई थी, जहां उसकी चार युवकों से किसी बात पर विवाद हुआ। इसी दौरान युवकों ने महिला की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने का प्रयास
महिला की मौत के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसका शव भादवागोड़ा के पास रेलवे पटरी पर फेंक दिया। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और महिला का कटा हुआ सिर भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों में सुनील मुर्मू, बाबूराम हांसदा, अजीत मुर्मू और गोविंद मुर्मू शामिल है, जो मनोहरपुर गांव के ही निवासी हैं।
इस मामले में शुरुआत में मृतका के पति लुथरू माझी ने जमीन विवाद के चलते रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कांड्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हालांकि पुलिस जांच में जमीन विवाद का एंगल गलत साबित हुआ। इसके बाद जांच को हत्या के दृष्टिकोण से आगे बढ़ाया गया, जिसमें साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। गौरतलब है कि तीन जून को महिला का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस की तत्परता से हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया गया।