जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के अधीन आद्रा मंडल में 26 मई से 1 जून तक रोलिंग ब्लॉक के कारण रेल यातायात पर व्यापक असर पड़ा है. इस अवधि में कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही शॉर्ट टर्मिनेट और ओरिजिनेट किया जा रहा है. इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
झाड़ग्राम-धनबाद-झाड़ग्राम (18019/18020) एक्सप्रेस 26 और 29 मई को रद्द रहेगी. टाटा-आसनसोल-बराभूम (68056/68060) मेमू पैसेंजर 27, 28 मई एवं 1 जून को आद्रा से ही रवाना होगी. इसके अलावा, आसनसोल-आद्रा-आसनसोल (68046/68045) मेमू पैसेंजर 26, 27, 29, 30, 31 मई और 1 जून को पूरी तरह रद्द कर दी गई है. भोजूडीह-चांडिल (68079/68080) मेमू ट्रेन 30 मई और 1 जून को महुदा से शॉर्ट टर्मिनेट और ओरिजिनेट होगी.
एक्सप्रेस ट्रेनों की समयसारिणी में भी बदलाव
कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में भी परिवर्तन किया गया है. खड़गपुर-हटिया (18035) एक्सप्रेस 26, 29 और 30 मई को खड़गपुर से दो घंटे देरी से चलेगी, जबकि हटिया-खड़गपुर (18036) एक्सप्रेस 27, 31 मई और 1 जून को हटिया से दो घंटे की देरी से रवाना होगी.
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी स्टेशन से जरूर प्राप्त करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके. ब्लॉक के कारण आद्रा से आसनसोल और अन्य मार्गों पर रेल सेवा आंशिक रूप से बाधित रहेगी.