रांची : नवनिर्मित सिरमटोली फ्लाईओवर (कार्तिक उरांव फ्लाईओवर) पर बाइक से खतरनाक स्टंट करने वाले युवक को ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। फ्लाईओवर पर स्टंट करते हुए युवक का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गंभीर हो गया था। ट्रैफिक एसपी को मंत्री दीपक बरुआ द्वारा कार्रवाई का निर्देश दिया गया था, जिसके बाद पुलिस ने रविवार को युवक की बाइक जब्त कर ली थी और सोमवार को उसे हिरासत में ले लिया गया।
हिरासत में लेने के बाद युवक को उसी फ्लाईओवर पर परेड कराया गया जहां उसने स्टंट किया था। साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने उसे सड़क सुरक्षा और स्टंट से होने वाले संभावित हादसों के बारे में जागरूक किया। युवक का एक वीडियो भी ट्रैफिक पुलिस ने शेयर किया है, जिसमें वह अपनी गलती के लिए माफी मांगते हुए दिख रहा है। उसने लोगों से अपील की कि वे सड़क पर स्टंट न करें क्योंकि इससे खुद के साथ-साथ अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
यह घटना शनिवार, 7 जून की रात की है जब युवक ने सिरमटोली फ्लाईओवर पर बाइक से स्टंट किया था। उसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह के स्टंट से बचें।