रांची : भगवान बिरसा मुंडा की 125वीं पुण्यतिथि पर रविवार को बिरसा चौक और कोकर स्थित समाधि स्थल पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जिला उपायुक्त, एसडीएम और अन्य अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट को लेकर रांची के कई इलाकों में यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
बारिश में भीगते लोग, पुलिस से तीखी नोकझोंक
एक वायरल वीडियो में देखा गया कि बारिश के दौरान ट्रैफिक रोके जाने से बाइक सवार और अन्य राहगीर भीगते रहे। भीगते हुए कुछ लोगों ने जब सवाल उठाया, तो पुलिस से बहस शुरू हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने तंज कसते हुए कहा, “हम नहीं भीग रहे हैं?” — जिससे गुस्से में लोग और भड़क गए। पुलिस ने भी जवाब में सख्त लहजा अपनाया: “जा कर दिखाओ यहां से।” इसी बीच काफिला पहुंचता है, जिससे मामला थोड़ा शांत होता है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों में नाराजगी है कि श्रद्धांजलि जैसे सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की परेशानी को अनदेखा कर वीआईपी काफिलों को प्राथमिकता दी गई। वीडियो में दिखा काफिला जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और रांची एसडीएम उत्कर्ष कुमार का था, जिन्होंने बिरसा चौक पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।