रांची : जनवरी से मार्च 2025 के बीच रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर जिला परिवहन विभाग (DTO) ने कड़ा रुख अपनाया है। इस अवधि में कुल 982 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं। सबसे ज्यादा मामले बिना हेलमेट गाड़ी चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने के रहे। DTO का साफ संदेश है कि अब केवल चालान नहीं, बल्कि सीधा लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई होगी।
जनवरी में सबसे ज्यादा कार्रवाई, 473 लाइसेंस सस्पेंड
जनवरी महीने में ही सबसे अधिक 473 लोगों के लाइसेंस जब्त किए गए। इनमें 185 लोग शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे, 73 लोग बिना हेलमेट के थे, जबकि कुछ लोग बिना परमिट सवारी गाड़ी लेकर सड़क पर उतरे थे। विभाग ने इन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए सस्पेंशन का आदेश जारी किया।
फरवरी में 243 और मार्च में 266 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। खास बात यह रही कि मार्च में अकेले 334 लोग शराब पीकर या रैश ड्राइविंग करते पकड़े गए, जबकि हेलमेट न पहनने पर 26 लाइसेंस निलंबित हुए। तीन महीनों के आंकड़ों में 722 मामलों में शराब या तेज रफ्तार, 117 में हेलमेट न पहनना, 52 में बिना परमिट और 31 में सीट बेल्ट नहीं लगाने की लापरवाही पाई गई।