रांची : देश की प्रगति और आत्मनिर्भरता में महिला शक्ति का अहम योगदान है। ‘सिंदूर ऑपरेशन’ जैसी सैन्य सफलताओं में भी बेटियों की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। यह बात रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को कही। वे महानगर भाजपा द्वारा रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन कार्निवल बैंक्वेट हॉल में किया गया।
श्री सेठ ने कहा कि नारी शक्ति के योगदान से ही देश सशक्त बन रहा है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में सफलता के झंडे गाड़ रही हैं। वहीं, विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारत ने सदैव नारी शक्ति को सम्मान दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़ते हुए विश्वगुरु बनने की दिशा में बढ़ रहा है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय ने कहा कि भारत को कमजोर करने के प्रयासों के बावजूद भाजपा सरकार आज राष्ट्रीय चरित्र को मजबूत करने का कार्य कर रही है।
सनातन मूल्यों की प्रतिमा थीं अहिल्याबाई: शिवप्रकाश
इस अवसर पर राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि रानी अहिल्याबाई होलकर ने सनातन परंपरा को अपने शासन के केंद्र में रखा। उन्होंने स्वयं को रानी नहीं बल्कि भगवान शिव की सेविका मानते हुए राजकाज संभाला। वे समता, ममता और सेवा भाव की प्रतिमूर्ति थीं। कार्यक्रम में विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, आरती सिंह, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, विकास प्रीतम, अर्चना सिंह, प्रकाश साहू सहित अनेक भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित थे।