जमशेदपुर : गम्हरिया और सीनी के बीच रेल लाइन ब्लॉक के कारण दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस 12 दिन तक टाटानगर स्टेशन नहीं आएगी. इससे टाटानगर, सीनी, चक्रधरपुर, मनोहरपुर समेत कई स्टेशनों के यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है.
चक्रधरपुर रेल मंडल के निर्देश पर साउथ बिहार एक्सप्रेस के यात्रियों को टाटानगर से कांड्रा और वापस लाने के लिए बस सेवा शुरू की गई है. बुधवार को टाटानगर में वाणिज्य उपाधीक्षक और कांड्रा में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक की निगरानी में 50 से अधिक यात्रियों को बस द्वारा लाया-ले जाया गया. रेलवे का प्रयास है कि इस बदलाव से यात्रियों को कम से कम असुविधा हो.
बदला गया ट्रेन मार्ग
लाइन ब्लॉक के कारण साउथ बिहार एक्सप्रेस अब कांड्रा होते हुए सीनी होकर चलेगी. यह ट्रेन आरा से 20, 27 मई और 3, 10, 17, 24 जून को और दुर्ग से 24, 31 मई तथा 7, 14, 21, 28 जून को इस बदले मार्ग से चलेगी. इसी तरह उत्कल एक्सप्रेस को भी संबलपुर मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है.
रेल लाइन ब्लॉक के कारण हावड़ा-जगदलपुर संबलेश्वरी एक्सप्रेस, हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी, टाटा-गुवा मेमू, टाटानगर-राउरकेला मेमू, टाटा-बिलासपुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रद्द की गई हैं. हावड़ा-टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस को भी कुछ दिन अप और डाउन में रद्द किया जाएगा. इन बदलावों का सबसे अधिक असर कोल्हान क्षेत्र के ग्रामीण यात्रियों पर पड़ रहा है, जिनके लिए रेल ही मुख्य आवागमन का साधन है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले संबंधित स्टेशन या वेबसाइट से जानकारी लेकर ही सफर की योजना बनाएं.