जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के टाटानगर-खड़गपुर रेल खंड पर ट्रैक मरम्मत और नई रेल लाइन से जुड़ी कार्ययोजना के चलते 16 जून से 24 जून तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान रेलवे ने कई पैसेंजर, मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने तथा कुछ प्रमुख ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पूर्व स्थिति की जांच कर आगे की योजना बनाने की सलाह दी है।
छह जोड़ी ट्रेनें रद्द, जनशताब्दी व एक्सप्रेस भी शामिल
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार खड़गपुर-टाटानगर पैसेंजर (58027) 19 से 23 जून तक तथा टाटा-खड़गपुर पैसेंजर (58028) 20 से 24 जून तक रद्द रहेंगी। इसी प्रकार झाड़ग्राम-पुरुलिया-झाड़ग्राम मेमू (68023/68024), खड़गपुर-टाटानगर-खड़गपुर मेमू (68123/68124), खड़गपुर-टाटा मेमू (68011), टाटा-खड़गपुर मेमू (68014) भी 16 से 24 जून के बीच रद्द रहेंगी। हावड़ा-बड़बिल-हावड़ा जनशताब्दी एक्सप्रेस (12021/12022) 20, 21, 23 और 24 जून को रद्द रहेगी। झाड़ग्राम-धनबाद-झाड़ग्राम एक्सप्रेस (18019/18020) 22 और 24 जून को नहीं चलेगी।
मार्ग परिवर्तन से गुजरेंगी लंबी दूरी की ट्रेनें
ब्लॉक के दौरान सिलघाट टाउन-तांबरम एक्सप्रेस (15630) 20 जून को जयचंडीपहाड़-आद्रा-मेदिनापुर-हिजली मार्ग से चलेगी। अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस (12833) 20 और 23 जून को सीनी-कांड्रा-चांडिल-आद्रा होते हुए खड़गपुर पहुंचेगी। रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (22892) 21 जून को कोटशिला-राजाबेरा-जमुनिया टांड मार्ग से तथा नई तिनसुकिया-तांबरम एक्सप्रेस (15930) 23 जून को जयचंडीपहाड़-आद्रा-मेदिनापुर-हिजली मार्ग से परिचालित होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी स्टेशन से पता कर लें। रेलवे द्वारा यह ब्लॉक यात्रियों की सुविधा और भविष्य में तेज एवं सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।रद्द और परिवर्तित मार्ग की ट्रेनों को लेकर संभावित असुविधा से बचने के लिए यात्री पहले से जानकारी लेकर यात्रा करें। रद्द ट्रेनों के टिकट पर नियमानुसार रिफंड की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।