झारखंड में समय से पहले दस्तक देगा मानसून, किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा, 5 से 7 जून के बीच झारखंड में मानसून के आने की संभावना
रांची : झारखंड के किसानों के लिए अच्छी खबर है. इस वर्ष राज्य में मानसून समय से पहले पहुंच सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची मौसम केंद्र के कार्यकारी निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में 5 से 7 जून के बीच मानसून के प्रवेश करने की प्रबल संभावना है. इससे खेती के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी और किसान समय पर बुवाई कर सकेंगे.
उन्होंने बताया कि इस बार मानसून की गतिविधियां सामान्य रहने की उम्मीद है, जिससे राज्य के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि परिस्थितियों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता, तो इस बार झारखंड में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है.
इसे भी पढ़ें : रेल लाइन ब्लॉक: साउथ बिहार एक्सप्रेस 12 दिन नहीं आएगी टाटानगर, रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कांड्रा तक शुरू की विशेष बस सेवा
केरल में जल्दी पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, यदि 25 मई तक मानसून केरल पहुंचता है, तो उसके 10-12 दिनों के भीतर यह झारखंड में दस्तक देगा. यानी संभावना है कि 5 से 7 जून के बीच मानसून झारखंड को छू ले. एक बार झारखंड में प्रवेश के बाद, एक सप्ताह के भीतर पूरे राज्य को मानसून की बारिश कवर कर लेगी.

