जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान सरायकेला निवासी छवि कुंभकार की मौत हो गई, जिससे नाराज़ परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। मृतका के परिजन गुरूपद कुंभकार ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे होमगार्ड जवानों ने स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए।
गुरूपद कुंभकार के अनुसार, शुक्रवार शाम छवि की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया था। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। भर्ती के बाद भी किसी डॉक्टर ने उचित ध्यान नहीं दिया, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई।
सीनियर डॉक्टरों की गैरमौजूदगी पर सवाल
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान सिर्फ जूनियर डॉक्टर मौजूद थे और सीनियर डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण सही जानकारी नहीं मिल सकी। मृतका को शुगर की गंभीर समस्या थी, जिसे डॉक्टरों ने बाद में बताया। परिजन कहते हैं कि यदि स्थिति इतनी नाजुक थी और इलाज संभव नहीं था, तो अस्पताल प्रशासन को पहले ही बता देना चाहिए था, ताकि मरीज को किसी अन्य अस्पताल ले जाया जा सकता।
मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से इस मामले की जांच कर दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान अब तक नहीं आया है।