जमशेदपुर : जेम्को मैदान में जेसीबी से खुदाई के दौरान पानी का पाइप फटा, सात हजार लोगों के समक्ष जल संकट गहराया

 जमशेदपुर : जेम्को मैदान में जेसीबी से खुदाई के दौरान पानी का पाइप फटा, सात हजार लोगों के समक्ष जल संकट गहराया
Spread the love

जमशेदपुर : जेम्को मैदान में सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जेसीबी से खुदाई के दौरान पानी की मेन पाइप लाइन फट गई, जिससे इलाके में जलापूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है। घटना के बाद जेम्को मैदान में चारों ओर पानी फैल गया और आसपास की बस्तियों में पानी की किल्लत शुरू हो गई है।

सूचना मिलते ही टाटा स्टील यूआइएसएल (UISL) के वाटर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल पाइप लाइन को बंद कर पानी का बहाव रोक दिया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।

इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करते तीन बदमाश गिरफ्तार, सक्रिय हथियार तस्करी नेटवर्क का सुराग जुटाने में जुटी पुलिस

एक महीने में दूसरी बार टूटी लाइन

पाइप लाइन फटने का असर जेम्को बस्ती, मिश्रा बगान, आजाद बस्ती, झगड़ु बागान, लक्ष्मीनगर और प्रेमनगर जैसे इलाकों में पड़ा है। इन क्षेत्रों की करीब सात हजार की आबादी को अब पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी रमेश सिंह ने बताया कि खुदाई के दौरान पाइप लाइन अचानक फट गई और देखते ही देखते मैदान में पानी भर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इस महीने में दूसरी बार है जब पानी की पाइप लाइन फटी है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में लाइन क्षतिग्रस्त होने से जल संकट उत्पन्न हुआ था। बार-बार हो रहे ऐसे हादसों को लेकर लोग प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें : सरायकेला : राजनगर में सनकी पति ने की पत्नी की हत्या, लोहे के साबल से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार

जल्द बहाल की जाएगी आपूर्ति: विभाग

वाटर डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग की टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। इधर, प्रभावित इलाकों में लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि जब तक पाइप लाइन की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!