जमशेदपुर : नए एमजीएम अस्पताल की छत से टपक रहा पानी, 396.69 करोड़ की लागत से बने अस्पताल के निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

 जमशेदपुर : नए एमजीएम अस्पताल की छत से टपक रहा पानी, 396.69 करोड़ की लागत से बने अस्पताल के निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
Spread the love

जमशेदपुर : डिमना रोड स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में लगभग 396.69 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए 500 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल की छत से हालिया बारिश में पानी टपकने लगा। पानी टपकने के कारण अस्पताल के गलियारों में जलजमाव हो गया, जिससे फर्श पर फिसलन हो गई। इससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : अमित राय हत्याकांड : कन्हैया सिंह और सुधीर दूबे को हाईकोर्ट से राहत, राज्य सरकार की जमानत रद्द करने की याचिका खारिज

दीवारों और पीलरों से भी हो रहा रिसाव

छत से रिसाव तक ही मामला सीमित नहीं है, बल्कि अस्पताल की दीवारों और पीलरों के पास से भी पानी रिसता देखा गया। सर्जरी, एनेस्थीसिया और नेत्र विभाग के बाहर फर्श पर पानी जमा हो गया है। इससे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी आवाजाही में परेशानी हो रही है।

एलएंडटी ने किया निर्माण, सवालों के घेरे में गुणवत्ता

इस भवन का निर्माण भवन निर्माण विभाग के माध्यम से एलएंडटी कंपनी द्वारा कराया गया है। पुराने साकची एमजीएम अस्पताल को इसी भवन में शिफ्ट किया जाना है, लेकिन अस्पताल के शुरू होने से पहले ही निर्माण की खामियां उजागर होने लगी हैं, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

प्राचार्य का वर्जन : रिपोर्ट मांगी गई

इस पूरे मामले पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ डी. हांसदा ने कहा कि अस्पताल की छत से पानी टपकने की सूचना मिली है। जिन विभागों में यह समस्या आई है, उनके विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे इसकी लिखित सूचना दें, ताकि विभाग को रिपोर्ट भेजी जा सके और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : जिले में भारी बारिश का अलर्ट, आज सभी प्राथमिक और मध्य विद्यालय बंद रखने का आदेश, जिला प्रशासन सतर्क

लाखों की लागत, फिर भी लापरवाही?

एक ओर राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर निर्माण में लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका को नकारा नहीं जा सकता। जनमानस अब जानना चाहता है कि इस बड़ी चूक की जिम्मेदारी कौन लेगा।

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!