जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में दो महिलाओं से छिनतई की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी सौरभ झींगन और सरजामदा निधिर टोला निवासी राव उर्फ रवि सुंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से छिनतई में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल, पीड़िता मितु मुखर्जी का पर्स और 6,400 रुपये नकद बरामद किया है।
पकड़े जाने के बाद किए कई खुलासे, पैसे से मनाते थे पाटी
डीएसपी (विधि-व्यवस्था) तौकीर आलम ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि छिनतई के बाद वे नशा करते और दोस्तों के साथ पाटी मनाते थे। पीड़ित महिलाओं से छीने गए पैसे का अधिकतर हिस्सा इसी में खर्च कर देते थे। रविवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। रवि सुंडी अक्सर महिलाओं को ही निशाना बनाता था।
छापेमारी में पकड़े गए दोनों आरोपी, एक का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस को शनिवार रात सूचना मिली कि दोनों आरोपी सरजामदा स्थित रवि सुंडी के किराये के मकान में मौजूद हैं। परसुडीह थाना प्रभारी फैज अहमद के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि 5 जून को प्रमवनगर में और 6 जून को हलुदबनी में हुई छिनतई की घटनाओं को भी इन्हीं दोनों ने अंजाम दिया था। घटना के दौरान गिरने से पीड़िता मितु मुखर्जी घायल भी हुई थीं। डीएसपी ने यह भी बताया कि सौरभ झींगन का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी लूट और छिनतई के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इन मामलों की भी जांच कर रही है।