जमशेदपुर : गोलमुरी पुलिस ने सोमवार शाम गाढ़ाबासा क्षेत्र में बकरी चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों के पास से चोरी की गई आठ बकरियां और एक कार बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी मानगो के रहने वाले हैं, जिनमें आशिफ अली, नाजिर अली और मो. आयान शामिल हैं। गिरोह के कुछ अन्य सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
गोलमुरी थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि गाढ़ाबासा क्षेत्र में कुछ लोग कार में बकरियां लेकर घूम रहे है, जो संभवत : चोरी की हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक टीम बनाकर इलाके में छापेमारी की।
भागने लगे चोर, तीन को पकड़ा गया
पुलिस की कार्रवाई देखकर मौके पर मौजूद युवक भागने लगे, लेकिन तीन युवकों को पकड़ लिया गया। उनकी कार (नंबर JH-05AF-5550) की तलाशी लेने पर उसमें आठ बकरियां पाई गईं, जिन्हें चोरी कर लाया गया था। पुलिस ने कार और बकरियों को जब्त कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम बताए हैं। पुलिस के अनुसार, जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी। गिरोह के नेटवर्क और पहले की गई चोरियों के बारे में भी छानबीन की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और क्षेत्र में ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।