जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेशनल फ्लैट्स में रहने वाले टाटा स्टील कर्मचारी प्रशांत डिंडा की पत्नी से ठगी करने वाले आरोपी जयंत कुमार जायसवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। आरोपी ने खुद को प्रशांत डिंडा का मित्र बताकर महिला को भ्रमित किया और विजिलेंस टीम द्वारा प्रशांत की गिरफ्तारी की झूठी कहानी गढ़ी। फिर घर के सारे जेवरात अपने कब्जे में लेकर फरार हो गया।
डीएसपी मुख्यालय-2 मनोज ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह घटना 7 जून को घटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल ट्रैकिंग की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया और उसे गिरिडीह से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है।
चार राज्यों में कर चुका है कई वारदातें
जयंत कुमार जायसवाल पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बगुईहातु थाना क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि वह झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसका मुख्य निशाना दोपहर के समय घरों में अकेली रहने वाली महिलाएं होती थीं।
पुलिस अब जयंत के आपराधिक रिकॉर्ड को अन्य राज्यों से खंगालने में जुट गई है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।