जमशेदपुर : डिमना मार्ग स्थित मिर्जाडीह में शुक्रवार को वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीपी अलकतरा फैक्ट्री की चहारदीवारी को बुलडोजर से ढहा दिया। यह फैक्ट्री वन भूमि पर अवैध रूप से बनी थी, जिसे लेकर पहले ही विभाग की ओर से फैक्ट्री प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया था।
रेंजर अपर्णा चंद्रा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पुलिस बल की मौजूदगी में वन रेंजर अपर्णा चंद्रा के नेतृत्व में विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चहारदीवारी को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान फैक्ट्री प्रबंधन और उनके अधिवक्ता ने दस्तावेज दिखाकर जमीन पर वैध कब्जे का दावा किया, लेकिन अधिकारियों ने इसे मानने से इनकार कर दिया और पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि वन विभाग ने हाल ही में वन भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब तक 34 मकानों और दुकानों को तोड़ने की सूची तैयार की गई है, जिसमें यह फैक्ट्री भी शामिल थी।
अतिक्रमण पर नहीं होगी कोई रियायत
वन विभाग ने साफ कर दिया है कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों के उल्लंघन पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।