जमशेदपुर : आतंकी घटनाएं अब बर्दाश्त नहीं, मिलेगा ऑपरेशन सिंदूर जैसा जवाब : ओम बिरला
जमशेदपुर : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की प्लेटिनम जुबली (75 वर्ष) समारोह में भाग लिया और इस ऐतिहासिक संस्था के योगदान की सराहना की. बिष्टुपुर स्थित लोयोला स्कूल के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस धरती पर भगवान बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता संग्राम की अलख जगाई, वहीं जमशेदजी टाटा ने औद्योगिक भारत की नींव रखी. इसी नींव पर सिंहभूम चैंबर ने बीते 75 वर्षों में एक मजबूत औद्योगिक, सामाजिक और आर्थिक संरचना खड़ी की है.
इसे भी पढ़ें : आद्रा मंडल में 26 मई से 1 जून तक रोलिंग ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द, कुछ शॉर्ट टर्मिनेट, यात्रियों को उठानी पड़ सकती है परेशानी
भारत बना अवसरों की धरती, तेजी से बढ़ रही है अर्थव्यवस्था
श्री बिरला ने कहा कि आज का भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है. यह भारत के लिए ‘स्वर्णिम युग’ है. देश स्टार्टअप, रक्षा निर्माण और तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है. पहले हम हथियार मंगाते थे, आज हम खुद बना रहे हैं. भारत अब अवसरों और संभावनाओं की धरती बन चुका है. उन्होंने उद्योगों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में अगले ढाई दशक के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया.

