जमशेदपुर : कदमा में टाटा स्टीलकर्मी की पत्नी से ठगी, इंटेलिजेंस अधिकारी बनकर 15 लाख के गहने लेकर जालसाज फरार

 जमशेदपुर : कदमा में टाटा स्टीलकर्मी की पत्नी से ठगी, इंटेलिजेंस अधिकारी बनकर 15 लाख के गहने लेकर जालसाज फरार
Spread the love

जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेशनल फ्लैट्स में शुक्रवार को एक जालसाज ने खुद को टाटा स्टील का इंटेलिजेंस अधिकारी बताकर ठगी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने कंपनी के वरिष्ठ अकाउंटेंट प्रशांत डोडा की पत्नी को झांसे में लेकर 15 लाख रुपये मूल्य के गहने लेकर चंपत हो गया।

कंपनी में गिरफ्तारी का बहाना बनाकर दिया झांसा

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, शुक्रवार दोपहर जब प्रशांत डोडा अपने कार्यालय में थे, उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा। उसने खुद को टाटा स्टील का इंटेलिजेंस अधिकारी बताते हुए प्रशांत डोडा की पत्नी से कहा कि उनके पति को कंपनी परिसर में गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही यह भी कहा कि कंपनी के अन्य अधिकारी कुछ देर में घर आने वाले हैं, इसलिए घर में रखे सभी गहने और नकदी तुरंत सौंप दिए जाएं।

इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय लूट-छिनतई गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार, हथियार और लूट का सामान बरामद

झांसे में आकर गहने सौंपे, फिर हुआ फरार

प्रशांत डोडा की पत्नी उक्त व्यक्ति की बातों में आ गईं और घर में रखे लगभग 15 लाख रुपये के गहने उस व्यक्ति को सौंप दिए। गहने लेने के बाद आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गया। देर शाम जब प्रशांत डोडा घर लौटे, तब जाकर ठगी की घटना का खुलासा हुआ और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी की तस्वीर, जांच तेज

कदमा थाना पुलिस ने घटना के बाद इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी की स्पष्ट तस्वीर सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इसी तरह की एक घटना पूर्व में टेल्को क्षेत्र में भी हो चुकी है, जिसमें एक व्यक्ति ने टाटा मोटर्स कर्मी के घर से नकदी और गहने ठग लिए थे। प्रारंभिक जांच में यह संदेह जताया जा रहा है कि दोनों घटनाओं में एक ही व्यक्ति शामिल हो सकता है।

इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : टाटा मोटर्स प्लांट में दो दिन बंद रहेगा कामकाज, 9 जून को ब्लॉक क्लोजर, 8 को साप्ताहिक अवकाश, 10 जून से फिर शुरू होगा काम

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले में कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि खुद को किसी कंपनी या विभाग का अधिकारी बताकर कीमती सामान मांगता है, तो पहले उसकी पहचान सत्यापित करें और तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!