जमशेदपुर : टाटा स्टील ने कार्यस्थल पर लैंगिक शोषण की घटनाओं को रोकने और कर्मचारियों को सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से एक अहम कदम उठाया है। कंपनी के एमडी सह सीईओ टीवी नरेंद्रन के निर्देश पर सभी प्लांट्स और यूनिट्स में आंतरिक शिकायत समिति (ICC) का गठन किया गया है। ये समितियां प्रत्येक यूनिट में शिकायतों की जांच कर आवश्यक अनुशंसा करेंगी, जिससे समय पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
कलिंगानगर प्लांट में हेड लीगल प्रज्ञा भट्टामिश्रा और एचआरबीपी मैनेजर प्रशस्ति श्रेया की अध्यक्षता में 17 सदस्यीय समिति बनाई गई है। हल्दिया हुगली मेट कोक यूनिट में इशा मेहता और शारीक खान की अगुवाई में 5 सदस्यीय समिति गठित हुई है। इसी तरह मेरामंडली, अंगुल एनर्जी और टाटा स्टील टेक्निकल व सपोर्ट सर्विसेज में नीना सिंह व सचीदानंद राउत की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय समिति काम करेगी। तेलंगाना, खोपोली, हौसूर, चाकन, वेस्ट बोकारो, नोवामुंडी, तारापुर, सीआरसी व मार्केटिंग सहित अन्य क्षेत्रों में भी 5 से 9 सदस्यों वाली अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं।
इन समितियों की अध्यक्षता संबंधित क्षेत्रों की वरिष्ठ महिला अधिकारी कर रही हैं और संयोजक के रूप में एचआरबीपी अधिकारियों की भूमिका तय की गई है। टाटा स्टील का यह कदम कार्यस्थल पर लैंगिक समानता, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने की दिशा में मजबूत पहल मानी जा रही है। इससे कंपनी की कार्य संस्कृति और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी।