जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जटा झोपड़ी फुटबॉल मैदान के पास खरकई नदी तट पर सोमवार सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी ब्लॉक नंबर 20/01/05 रोड नंबर 5 निवासी विजय कुमार मिश्रा (25) के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। विजय किसी निजी कंपनी में कार्यरत था और वह अपने भाइयों में सबसे छोटा था।
स्थानीय लोगों ने दी सूचना, मौके पर पहुंचे परिजन और पंचायत प्रतिनिधि
नदी घाट पर नहाने गए लोगों ने जब शव को किनारे पड़ा देखा, तो उन्होंने झामुमो नेता बहादुर किस्कू को सूचना दी। बहादुर किस्कू ने इसकी जानकारी बागबेड़ा पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त के लिए मृतक के भाई अनिल कुमार मिश्रा को बुलाया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, चंद्राय टुडू, उप मुखिया मुकेश सिंह समेत कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
विजय के बड़े भाई अनिल मिश्रा ने बताया कि विजय रविवार की दोपहर किसी काम से घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। उनका मोबाइल भी बंद था। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। सोमवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि उसका शव नदी तट पर मिला है। अनिल ने बताया कि विजय को तैरना आता था, इसलिए डूबने की आशंका नहीं है। शव भी किनारे मिला है, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने बागबेड़ा थाना में आवेदन देकर मामले की उच्च स्तरीय जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।