जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत उलियान चौक के पास रविवार रात तेज रफ्तार कार ने स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। कार (नं. JH05E 8649) की टक्कर से स्कूटी (JH05BV 0571) सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में टीएमएच अस्पताल ले जाया गया। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी, फिर एक बाइक को भी चपेट में ले लिया। इसके बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे बने चबूतरे से जा टकराई। बाइक सवार को मामूली चोटें आईं। हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने मौके पर कार कदमा रामनगर चालक अमन कुमार की जमकर पिटाई कर दी। करीब 45 मिनट तक घटनास्थल पर हंगामा होता रहा, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने पर कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने घायल स्कूटी सवार को अस्पताल पहुंचाया तथा कार चालक अमन कुमार को हिरासत में ले लिया। दुर्घटनाग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की कि कार चालक पर सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।