जमशेदपुर : गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड के केरूआडूंगरी पंचायत में शनिवार को धरती आबा अभियान के तहत बहु-विभागीय जन सेवा शिविर एवं जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य था ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना और प्रशासनिक कार्यों को सरल बनाना।
शिविर में आधार कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, पशुपालन, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा, राजस्व और बैंकिंग जैसी विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधानसभा के विधायक संजीव सरदार उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पंचायत की अधूरी सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास की रोशनी हर गांव और व्यक्ति तक पहुंचे। मुखिया कान्हू मुर्मू ने कहा कि धरती आबा अभियान के माध्यम से जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह शिविर सरकार की जन-कल्याणकारी सोच का उदाहरण है।
शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया और इसे सफल आयोजन बताया। कार्यक्रम में बीडीओ सुमित प्रकाश, अंचल अधिकारी मनोज कुमार, पंचायत के मुखिया कान्हू मुर्मू, ग्राम प्रधान धीरेन सरदार, पंचायत सचिव, सहायक, JSLPS की दीदियां, वार्ड सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।