जमशेदपुर : बागबेड़ा नया बस्ती में रविवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जैक बोर्ड की दसवीं परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस आयोजन की अगुवाई उप मुखिया मुकेश सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता उपस्थित रहे।
समारोह में संध्या दास, रिया कुमारी, मुस्कान कुमारी और श्रुति मिश्रा को मेडल, अंगवस्त्र और चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया।
हर पंचायत में होंगे मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और उप मुखिया मुकेश सिंह ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बागबेड़ा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसकी शुरुआत उत्तर बागबेड़ा पंचायत से की गई है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों की सराहना, शिक्षा को मिलेगा प्रोत्साहन
कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने छात्राओं की सफलता की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन से अन्य छात्र-छात्राओं में भी प्रतिस्पर्धा और पढ़ाई के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इस सम्मान समारोह में उप मुखिया मुकेश सिंह, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, गोपाल पंजियारा, प्रदीप ठाकुर, आनंद कुमार, अमन कुमार, साजन कुमार, संजय ठाकुर, दीपक सिंह, पोरेश कायल, सौरभ अग्रहरि और पंकज पंजियारा सहित कई लोग उपस्थित थे।