जमशेदपुर : वन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘प्राकृतिक रक्षक’ संस्था अब गोलमुरी पुलिस लाइन केंद्र में एक हजार पौधों का वृक्षारोपण करेगी। इस अभियान की अनुमति पूर्वी सिंहभूम के नवनियुक्त वरीय पुलिस अधीक्षक पियूष पांडेय ने दी है। घटते हरियाली और बढ़ते जल संकट को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने जिले को हरा-भरा बनाने का संकल्प जताया है। एसएसपी के निर्देश पर सार्जेंट मेजर रंधो देवगम ने संस्था को वृक्षारोपण की अनुमति संबंधी पत्र सौंपा था। पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुआत जल्द ही पुलिस लाइन परिसर में की जाएगी।
संस्था के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार और महासचिव हेमंत वर्मा ने जानकारी दी कि वे लकड़ी व्यवसायियों के सहयोग से वनभूमि की रिक्त जमीनों पर 75,000 पौधे लगाने की योजना पर काम कर रहे हैं। इस बाबत मुख्यमंत्री से भी निवेदन किया गया है कि इस जनहित अभियान को राज्यस्तरीय समर्थन मिले।
संस्था ने यह भी घोषणा की है कि ये पौधे सरकार को समर्पित किए जाएंगे, ताकि वन भूमि को संरक्षित किया जा सके और राज्य के पर्यावरण संरक्षण में ठोस योगदान दिया जा सके। संस्था की यह पहल न केवल हरियाली बढ़ाने की दिशा में कारगर होगी, बल्कि जन-जागरूकता का भी सशक्त माध्यम बनेगी। प्राकृतिक रक्षक संस्था के इस प्रयास की सराहना की जा रही है और स्थानीय प्रशासन व समाजसेवी संगठनों से सहयोग की उम्मीद जताई जा रही है।