जमशेदपुर : जनता दल (यूनाइटेड) महिला मोर्चा की ओर से 19 जून को विशाल महिला सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय शिरकत करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि होंगी जदयू महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रेणु पाणिकर। सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष अमृता मिश्रा करेंगी।
सम्मेलन के संबंध में जारी एक बयान में अमृता मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का मकसद दो प्रमुख उद्देश्यों पर आधारित है। पहला उद्देश्य है पार्टी के सदस्यता अभियान को मजबूती देना, और दूसरा उद्देश्य है समाज व संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानित करना। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं वर्षों से पार्टी और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय हैं, लेकिन उन्हें आज तक उचित पहचान नहीं मिली। ऐसे में इस कार्यक्रम के माध्यम से उनके कार्यों को सराहा और सम्मानित किया जाएगा।
जदयू महिला मोर्चा के इस सम्मेलन को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक प्रयास माना जा रहा है। आयोजन समिति ने बताया कि इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षिकाओं, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, आम जनता से भी अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस सम्मान समारोह का हिस्सा बनें और महिला शक्ति को प्रोत्साहित करें।