जमशेदपुर : शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने और अनियंत्रित टेंपो-टोटो चालकों पर लगाम कसने के लिए यातायात पुलिस ने सख्ती बरतने का फैसला लिया है. ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिरज ने शनिवार को साकची में शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक संघ के साथ बैठक कर यह निर्देश दिए कि अब प्रत्येक टेंपो में रेट तालिका लगाना अनिवार्य होगा. साथ ही ड्रेस कोड का उल्लंघन करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
डीएसपी श्रीनिरज ने जानकारी दी कि सोमवार से सघन चेकिंग अभियान शुरू किया जाएगा. बिना ड्राइविंग लाइसेंस, रेट तालिका और ड्रेस के टेंपो चालकों के विरुद्ध चालान और कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर निर्धारित सफेद मार्किंग के भीतर ही टेंपो को खड़ा करना और सवारी चढ़ाना-उतारना होगा.
स्टैंड के बाहर चलने वाले टेंपो और टोटो बन रहे समस्या
बैठक के दौरान टेंपो चालकों ने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि अधिकतर स्टैंड से चलने वाले टेंपो चालक नियमों का पालन करते हैं, लेकिन स्टैंड से बाहर चलने वाले टेंपो और टोटो चालकों की वजह से ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो रही है. ये चालक मनमाने ढंग से सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है.
चालकों ने टेंपो के लिए स्पष्ट ड्रॉपिंग प्वाइंट निर्धारित करने की मांग भी की, जिस पर ट्रैफिक डीएसपी ने जल्द ही आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
संघ ने किया यातायात पुलिस का समर्थन
शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक संघ के महासचिव श्याम किंकर झा ने बताया कि स्टैंडों पर पहले से रेट लिस्ट लगाई गई है और कई टेंपो में भी यह सूची मौजूद है. उन्होंने ट्रैफिक पुलिस से मांग की कि स्टैंड से बाहर चलने वाले टेंपो और टोटो चालकों के खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि सभी के लिए एक समान नियम लागू हों.