जमशेदपुर : सिविल जज सीनियर डिवीजन प्रथम अर्चना कुमारी के आदेश पर रविवार को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुइयांडीह में एक पुराने कानूनी विवाद वाले मकान का आधा हिस्सा खाली करवाकर उसे सील कर दिया गया। यह कार्रवाई होल्डिंग नंबर 334 स्थित गीता देवी व अन्य के कब्जे वाले हिस्से में की गई।
कोर्ट के आदेश के अनुपालन में नाजिर धीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और कोर्ट कर्मियों की उपस्थिति में तीन कमरों को खाली कराया गया। कमरे में रखे सामान को बाहर सड़क किनारे रखवा दिया गया और कमरे लाल फीता लगाकर सील कर दिए गए। जानकारी के अनुसार, यह मामला वर्ष 1992 से अदालत में लंबित था। वादी बिंदू प्रसाद सिंह के पक्ष में फैसला आने के बाद अदालत ने 22 मार्च 2025 को एविक्शन सूट के तहत आदेश पारित किया था। उसी आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के समय मकान में रह रही मीणा देवी ने आपत्ति जताई। उन्होंने बताया कि वे बीमार हैं और चल-फिर नहीं सकतीं। उनका कहना था कि यह मकान उनके पिता यदुनंदन प्रसाद का है, जिन्होंने वर्षों तक अदालत में मुकदमा लड़ा था। मौके पर परिवार की एक अन्य सदस्य पुष्णा देवी और एक बुजुर्ग व्यक्ति भी पहुंचे, जिन्हें कोर्ट का आदेश दिखाकर कब्जा खाली कराया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी। नाजिर धीरज कुमार के निर्देशन में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।