जमशेदपुर : घाटशिला थाना प्रभारी पर जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप, जिप अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से की शिकायत, कार्रवाई की मांग
जमशेदपुर : घाटशिला थाना प्रभारी पर जिला परिषद (जिप) सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगा है. इसको लेकर गुरुवार को जिप अध्यक्ष बारी मुर्मू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी पीयूष पांडेय से मुलाकात कर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
बारी मुर्मू ने बताया कि वे जिप उपाध्यक्ष पंकज और अन्य सदस्यों के साथ जिप सदस्य कर्ण सिंह की गिरफ्तारी के संबंध में बातचीत के लिए घाटशिला थाना पहुंची थीं. इस दौरान थाना प्रभारी ने अभद्र व्यवहार किया और उनकी भाषा भी आपत्तिजनक थी.
महिला सदस्य से धक्का-मुक्की और धमकी का आरोप
जिप सदस्य कुसुम पूर्ति ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने थाना प्रभारी के व्यवहार का विरोध किया, तो एक पुरुष पुलिसकर्मी ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और धमकी दी. इस संबंध में उन्होंने एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपी है. जिप अध्यक्ष बारी मुर्मू ने कहा, “जब जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है, तो आम जनता की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।”
इधर, एसएसपी पीयूष पांडेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. इस प्रतिनिधिमंडल में कविता परमार, देव्यानी मुर्मू, हिरणमय दास, शिवनाथ मांडी, खगेन महतो, गीतांजली महतो, धरित्रि महतो के अलावा पूर्व जिप सदस्य जगन्नाथ महतो, मानिक मल्लिक, मानिक महतो समेत कई लोग शामिल थे.