जमशेदपुर : सोशल मीडिया पर दोस्ती करना जमशेदपुरलौहनगरी की एक महिला को महंगा पड़ गया। सोनारी सेवेंथ एक्सटेंशन गांधी रोड निवासी नीलम कुमारी से एक साइबर ठग ने स्नैपचैट और व्हाट्सएप के माध्यम से झांसा देकर 1.83 लाख रुपये की ठगी कर ली। महिला ने सोनारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें ठग के स्नैपचैट आईडी, व्हाट्सएप नंबर और बैंक खाता नंबर समेत तमाम जानकारियां दी गई हैं।
प्राथमिकी के अनुसार, स्नैपचैट पर ‘विलियम्सजॉन659’ नामक एक प्रोफाइल से नीलम की दोस्ती हुई। आरोपी ने खुद को लंदन निवासी बताते हुए नीलम को 50 यूएस डॉलर और एक महंगा iPhone गिफ्ट करने का दावा किया। व्हाट्सएप पर गिफ्ट की तस्वीर भी भेजी गई। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर फोन किया और बताया कि पार्सल भारत पहुंच गया है, लेकिन उसे छुड़ाने के लिए शुल्क जमा करना होगा।
कई बार में जमा कराए पैसे, न तो गिफ्ट मिला, न हुई रकम वापस
ठग ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाता संख्या 60534725820 में पैसे भेजने को कहा। नीलम ने प्रज्ञा केंद्र और बैंक ऑफ बड़ौदा के जरिए कई बार में कुल 1.83 लाख रुपये भेज दिए। लेकिन न तो iPhone मिला और न ही डॉलर। उलटे ठग ने 50 डॉलर की कीमत 43 लाख रुपये बताकर और पैसा भेजने का दबाव बनाया।
नीलम ने बताया कि वह ट्यूशन पढ़ाकर किसी तरह यह रकम जमा कर रही थी। भरोसा कर ठगों की बातों में आकर उसने अपने मेहनत की कमाई गंवा दी। अब उसे केवल पुलिस से ही न्याय की उम्मीद है। सोनारी थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी व्हाट्सएप नंबर (+44 7393 008084), मोबाइल नंबर 8414847152 और बैंक खाता धारक साइनाथ की जांच की जा रही है। जल्द ही ठगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।