जमशेदपुर : शहर के कदमा और टेल्को समेत कई थाना क्षेत्रों में फर्जी विजिलेंस अफसर और सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले ठग को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जयंत कुमार जायसवाल के रूप में हुई है, जो देश के विभिन्न हिस्सों में घूम-घूमकर इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देता था।
जयंत जायसवाल हाल ही में कदमा और टेल्को थाना क्षेत्र के कई घरों में घुसकर खुद को विजिलेंस या सीबीआई अधिकारी बताकर महिलाओं को धमकाता था और लाखों की ठगी कर फरार हो जाता था। उसकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थीं, जिससे उसकी पहचान संभव हो सकी।
कोलकाता का रहने वाला, पहचान में हुई थी मुश्किल
ठग जयंत जमशेदपुर का निवासी नहीं था, बल्कि कोलकाता में रहता था। इसी कारण उसकी पहचान और गिरफ्तारी पुलिस के लिए आसान नहीं थी। लेकिन जमशेदपुर पुलिस ने अपने सूचना तंत्र और तकनीकी सहायता से उसके ठिकाने का पता लगाकर उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया।
सट्टेबाजी में हारने के बाद शुरू की ठगी
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में जयंत ने पुलिस को बताया कि वह आईपीएल में सट्टेबाजी करता था और भारी नुकसान उठाने के बाद उसने इस तरह की ठगी शुरू की। वह अब तक देश के कई इलाकों में ऐसी घटनाएं कर चुका है।
पुलिस आरोपी को जमशेदपुर ला रही है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने और किन-किन क्षेत्रों में इसी तरह की ठगी की है। साथ ही उसके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने भी इस व्यक्ति के साथ ठगी की शिकायत की है या पहचानता है, तो तुरंत स्थानीय थाना को सूचित करें।