जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के ग्रीन वैली में सोमवार को 56 वर्षीय राजेश कुमार सिंह ने अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें फौरन फंदे से उतारकर टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजेश कुमार सिंह टाटा स्टील के पूर्व कर्मचारी थे।
परिजनों ने जताई मानसिक तनाव की आशंका
परिजनों के मुताबिक, राजेश कुमार सिंह कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे, लेकिन उन्होंने कभी खुलकर किसी से अपनी परेशानी साझा नहीं की। सोमवार को वह अपने कमरे में अकेले थे और उसी दौरान उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे मुन्ना कुमार के बयान पर अस्वाभाविक मौत (यूडी केस) की प्राथमिकी कदमा थाना में दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।