जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के होटल मानसरोवर के बगल में स्थित मल्टी होम सॉल्यूशन बिल्डिंग की एक मोबाइल दुकान में शुक्रवार देर रात आग लगने से हड़कंप मच गया। बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित ‘लक्ष्य कॉम्बो सॉल्यूशन’ नामक मोबाइल दुकान में आग लगते ही आस-पास अफरा-तफरी मच गई।
दमकल ने समय रहते पाया आग पर काबू
सूचना मिलने पर झारखंड अग्निशमन विभाग की एक दमकल मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी की सूचना पर बिल्डिंग में मौजूद अन्य दुकानदार और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि दुकान के एसी यूनिट से अचानक धुआं उठने लगा था। बिल्डिंग के मालिक आयुष उत्कर्ष ने बताया कि वे रात को खाना खा रहे थे तभी उन्होंने बिल्डिंग से धुआं निकलते देखा। नीचे आकर पता चला कि मोबाइल दुकान में आग लगी है, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया।
सामान निकालते समय हुआ विवाद
आग बुझने के बाद दुकानदारों और कर्मचारियों ने दुकान का शटर खोलकर बचे हुए सामानों को बाहर निकालना शुरू किया। इस दौरान पास के दुकानदारों के बीच सामान रखने को लेकर हल्का हंगामा भी हुआ। स्थिति को देखते हुए साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।