जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला राजद के महानगर अध्यक्ष चुनाव के दौरान मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस में भारी हंगामा हुआ। चुनाव का विरोध कर रहे पूर्व युवा राजद जिलाध्यक्ष सैयद नुरुजमां के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह विवाद को शांत कराया।
सैयद नुरुजमां ने आरोप लगाया कि पार्टी के राज्य निर्वाचन पदाधिकारी गिरधारी गोप ने आठ जून को ही अपरिहार्य कारणों से जिलाध्यक्ष का चुनाव अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया था। इसके बावजूद गुपचुप तरीके से चुनाव कराए जा रहे हैं, जो पूरी तरह से अवैध है। उन्होंने कहा कि पार्टी को ‘हाइजैक’ किया जा रहा है और असंवैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने ऐलान किया कि इस पूरे मामले की शिकायत वे प्रदेश नेतृत्व से करेंगे।
राजद के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुभाष यादव, श्रमिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ललन यादव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बलदेव सिंह मेहरा और युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कमलेश यादव ने संयुक्त रूप से प्रेस बयान जारी कर चुनाव को पूरी तरह असंवैधानिक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि समर्पित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इस चुनाव की कोई जानकारी नहीं दी गई।
नेताओं का कहना है कि प्रदेश प्रभारी द्वारा चुनाव को पहले ही स्थगित किया जा चुका था, बावजूद इसके निर्वाचन पदाधिकारी ने आदेश की अनदेखी कर चुनाव संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि इस मामले की लिखित और मौखिक शिकायत पार्टी के केंद्रीय एवं राज्य चुनाव अधिकारियों को कर दी गई है। नेताओं ने चुनाव को तत्काल रद्द कर नये सिरे से निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की मांग की है। साथ ही कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में इस घटनाक्रम को लेकर भारी आक्रोश है।