जमशेदपुर : राजा सिंह हत्याकांड में वांछित और अमरनाथ सिंह गिरोह का सक्रिय सदस्य निसार हसन उर्फ निशु को मानगो थाना पुलिस ने 96 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। शुक्रवार को पुलिस टीम उसे दिल्ली से लेकर जमशेदपुर रवाना हुई। आरोपी मूल रूप से बिष्टुपुर साउथ पार्क का रहने वाला है।
राजा सिंह की सैलून में गोली मारकर हत्या
2 फरवरी 2024 को मानगो पोस्ट ऑफिस रोड स्थित एक सैलून में राजा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राजा के पिता राम प्रवेश सिंह के बयान पर नौ नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। नामजदों में अंकित बच्चा, प्रवीण सिंह उर्फ छोटू, राहुल बच्चा, अर्जुन, राहुल राय, सुनील ठाकुर, अभिषेक सिंह, बलविंदर सिंह उर्फ गोलू और आकाश उर्फ बाबा बच्चा शामिल हैं। जांच में निसार हसन की संलिप्तता भी सामने आयी थी।
27 अगस्त 2023 को मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी पवन यादव की सिर और पीठ में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना नदी किनारे घटी थी। इस मामले में अमर ठाकुर, सरबजीत सिंह उर्फ सब्बे के साथ-साथ निसार हसन का नाम सामने आया था।
सन्नी यादव की हत्या में सात गिरफ्तार, निसार पर भी संदेह
15 अप्रैल 2024 को बारीडीह निवासी सन्नी यादव की एनएच स्थित वसुंधरा स्टेट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सात युवकों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके पास से भारी मात्रा में हथियार और वाहन बरामद किए गए थे। इस घटना में भी निशु की संलिप्तता की बात पुलिस जांच में सामने आई थी। इसके अतिरिक्त, अमरनाथ सिंह के करीबी आशुतोष ओझा ने बोड़ाम थाना में खुद पर फायरिंग की घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें रिंकू सेठ, निसार हसन उर्फ निशु और सरबजीत सिंह उर्फ सब्बे समेत अन्य को नामजद किया गया था।
मानगो पुलिस के अनुसार, निसार हसन की गिरफ्तारी कई संगीन मामलों की कड़ी को जोड़ने में मदद करेगी। पुलिस का मानना है कि वह अमरनाथ सिंह गिरोह के कई आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी को गिरोह की कमर तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।