जमशेदपुर : सोनारी निवासी अधिवक्ता रिंकू सिंह ने पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां के भाई बलदेव भुइयां पर गंभीर आरोप लगाते हुए बुधवार को एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपी। रिंकू सिंह का कहना है कि भुइयांडीह ह्यूपपाइप रोड स्थित जमीन उनके पिता के नाम पर है, जिसके सभी वैध कागजात उनके पास हैं। टाटा स्टील के खिलाफ इस जमीन को लेकर कोर्ट में मुकदमा भी चला था, जिसमें फैसला उनके पक्ष में आया।
रिंकू सिंह के मुताबिक बलदेव भुइयां उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य करा रहे हैं। उन्होंने इसकी शिकायत सीतारामडेरा थाना और एसडीओ से की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, ना ही थाना द्वारा एसडीओ को जांच रिपोर्ट सौंपी गई है। उन्होंने एसएसपी से मामले की उच्चस्तरीय जांच और न्याय की मांग की है। अधिवक्ता ने यह भी कहा कि बलदेव भुइयां ने उन्हें परेशान करने के लिए एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
बलदेव भुइयां का पलटवार: जमीन हमारी नहीं, डोम परिवार की है
वहीं दूसरी ओर बलदेव भुइयां ने रिंकू सिंह के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि विवादित जमीन मुकुल डोम और हरि डोम की है और मामला हाईकोर्ट में लंबित है। बलदेव भुइयां ने आरोप लगाया कि रिंकू सिंह ने हाल ही में उस जमीन की चहारदिवारी को तोड़ दिया था, जिसके संबंध में एससी-एसटी थाना में मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह और सिकंदर सिंह द्वारा भुइयांडीह क्षेत्र में विवादित जमीन की खरीद-बिक्री की जा रही है, जो कानूनन गलत है।
यह मामला अब दो पक्षों के बीच गंभीर विवाद का रूप ले चुका है, जिसमें एक ओर जबरन कब्जा और पुलिस-प्रशासनिक लापरवाही के आरोप हैं, तो दूसरी ओर फर्जी दस्तावेज और गलत ढंग से जमीन खरीद-बिक्री का मामला सामने आ रहा है। ऐसे में अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है।