जमशेदपुर : साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में कमाई और कोल्ड ड्रिंक की एजेंसी दिलाने का झांसा देकर शहर के तीन लोगों से करीब 52 लाख रुपये की ठगी कर ली। तीनों मामलों में पीड़ितों ने बिष्टुपुर साइबर थाना में शिकायत दर्ज करायी है।
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर दो लोगों से 48 लाख से अधिक की ठगी
कदमा निवासी रौशन कुमार को 21 अप्रैल को व्हाट्सएप पर एक लिंक मिला जिसमें शेयर ट्रेडिंग के जरिए मोटी कमाई का वादा किया गया था। लालच में आकर रौशन ने अलग-अलग किस्तों में 38.90 लाख रुपये भेज दिए। ठगों ने निवेश के नाम पर लगातार पैसे मंगवाए और फिर संपर्क तोड़ दिया। उधर, मानगो निवासी अशोक मंडल को भी एक फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया और शेयर ट्रेडिंग में अधिक कमाई का झांसा दिया गया। इस बहाने ठगों ने उनसे 9.10 लाख रुपये ऐंठ लिए।
कोल्ड ड्रिंक एजेंसी दिलाने के नाम पर भी ठगी
एक अन्य मामले में साइबर अपराधियों ने संजीव कपिल से कोल्ड ड्रिंक की एजेंसी दिलाने के नाम पर करीब 3 लाख रुपये की ठगी की। संजीव ने ऑनलाइन एजेंसी से जुड़ी जानकारी मांगी थी। इसके बाद एक व्यक्ति ने उसे फोन कर खुद को एजेंसी दिलवाने वाला प्रतिनिधि बताया और कई किस्तों में रुपये व दस्तावेज मांग लिए। जब संजीव ने पेपर्स की मांग की तो ठग टाल-मटोल करने लगा, जिससे उसे ठगी का एहसास हुआ।
साइबर पुलिस ने एक बार फिर नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान लिंक, कॉल या निवेश संबंधी ऑफर पर भरोसा न करें। पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन ठग नये-नये हथकंडों से लोगों को फंसा रहे हैं। आमजन को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है।