जमशेदपुर : जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में 296 मामलों का हुआ निपटारा, आईजी अखिलेश झा रहे मौजूद
जमशेदपुर : झारखंड के महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर बुधवार को बिष्टुपुर स्थित माईकल जॉन ऑडिटोरियम में “जन शिकायत समाधान कार्यक्रम” का चौथी बार सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन और वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में संपन्न हुआ. जिले में यह कार्यक्रम बिष्टुपुर के अलावे घाटशिला में आयोजित हुआ. बिष्टुपुर में मुख्य रूप से आईजी अखिलेश झा मौजूद थे. उन्होंने खुद लोगों से मुलाकात की और समस्याएं सुनी. (नीचे भी पढ़ें)

लोगों को मिली राहत
इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की शिकायतों का त्वरित और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करना है. कार्यक्रम के दौरान पूर्व में प्राप्त कुल 296 आवेदनों का समाधान किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली. इसके अलावा, कार्यक्रम के दौरान विभिन्न थानों से आए लोगों की नई शिकायतें भी प्राप्त की गईं. इन शिकायतों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है.(नीचे भी पढ़ें)

