गोपालगंज/गुरुग्राम : हरियाणा पुलिस ने एक संवेदनशील और निंदनीय साइबर अपराध के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के गोपालगंज जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए मेजर विनय नरवाल की पत्नी का अश्लील और फर्जी वीडियो बनाकर यूट्यूब पर पोस्ट किया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोपालगंज जिले के दोबवलिया गांव निवासी मोहिबुल हक और उसके बेटे गुलाम जिलानी के रूप में की गई है। दोनों को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर गुरुग्राम ले जाया गया है। हरियाणा के गुरुग्राम थाना क्षेत्र में दर्ज प्राथमिकी (थाना कांड संख्या 195/25) के अनुसार, आरोपियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए शहीद मेजर की पत्नी की छवि को अश्लील रूप में परिवर्तित कर यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया था।
शिकायत के बाद शुरू हुई थी जांच
मामले की शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस की साइबर सेल ने आरोपियों की पहचान की और उनकी लोकेशन को ट्रेस करते हुए गोपालगंज से उन्हें धर दबोचा। पुलिस इस मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए आगे की जांच में जुटी है और वीडियो हटाने तथा चैनल को बंद कराने की कार्रवाई भी चल रही है। शहीद की पत्नी को बदनाम करने की इस शर्मनाक घटना को लेकर सेना के पूर्व अधिकारियों, शहीद परिवारों और आम नागरिकों में रोष है। लोग दोषियों को कठोर सजा देने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घिनौनी हरकतों पर लगाम लग सके।
गुरुग्राम पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला साइबर क्राइम, अश्लीलता फैलाने और शहीद परिवार की मानहानि से जुड़ा होने के कारण विशेष सतर्कता के साथ जांच की जा रही है। आरोपियों के डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वे और किन-किन मामलों में संलिप्त हैं।