रामगढ़ : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रविवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित अपने पैतृक गांव पहुंचे.वह यहां अपने चाचा व पारिवारिक सदस्य जगदीश सोरेन के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने सपरिवार आए थे. मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जगदीश सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
मुख्यमंत्री अंतिम यात्रा और अंत्येष्टि संस्कार में भी सम्मिलित हुए. इस दौरान उन्होंने परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान किया.
राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के चचेरे भाई थे जगदीश सोरेन
स्वर्गीय जगदीश सोरेन मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के चाचा तथा दिशोम गुरु व राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के चचेरे भाई थे. उनका निधन 17 मई को हुआ था. वे अपने पीछे दो पुत्र, एक पुत्री सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.