चक्रधरपुर : झारखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो और उनकी पत्नी, भाजपा की पूर्व सांसद आभा महतो सोमवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गये. यह हादसा चाईबासा-सरायकेला मार्ग पर हुआ, जब वे चक्रधरपुर से जमशेदपुर लौट रहे थे. सामने से अचानक आये एक भारी वाहन से बचने की कोशिश में उनकी कार असंतुलित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी.
खेत में जा घुसी कार, सीट में फंसे रहे शैलेंद्र महतो
हादसे में शैलेंद्र महतो कार की सीटों के बीच में फंस गये, जबकि आभा महतो ने खुद को किसी तरह सुरक्षित रखा. उनके भतीजे, जो वाहन चला रहे थे, और अंगरक्षक को भी मामूली चोटें आयी हैं. सभी घायलों को तुरंत सरायकेला अस्पताल की एंबुलेंस से जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लाया गया.
टीएमएच में प्राथमिक उपचार, शैलेंद्र महतो भर्ती
टीएमएच में मंगलवार तड़के तीन बजे सभी का प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद आभा महतो, अंगरक्षक और भतीजे को छुट्टी दे दी गई, जबकि पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो को कुछ जरूरी जांच के लिए अस्पताल में भर्ती रखा गया है. उनका इलाज जी-1 ब्लॉक में चल रहा है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं.
शैलेन्द्र महतो ने बताया कि वे अपने भतीजे की रिसेप्शन में शामिल होने के लिए चक्रधरपुर गये थे. रात 12 बजे सोनारी लौटते समय सरायकेला से करीब चार किलोमीटर पहले यह हादसा हुआ. उन्होंने कहा, “सामने से तेज़ रफ्तार में एक भारी वाहन आ गया. भतीजे ने कार को बचाने की कोशिश की और हम खेत में जा गिरे. सौभाग्य से कार पलटी नहीं, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.”
गुलरेज खान ने की मदद
दुर्घटना की सूचना उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी गुलरेज खान को दी, जिन्होंने एंबुलेंस की तत्काल व्यवस्था की. इसके बाद सभी घायलों को टीएमएच लाया गया. पूर्व सांसद के दुर्घटना में बाल-बाल बचने की खबर सुनते ही झारखंड आंदोलनकारियों और राजनीतिक हलकों में चिंता की लहर दौड़ गई है. सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.