जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध के खिलाफ जन सुविधा मंच द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को पहले चरण में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने साकची थाना के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी साकची बसंत टॉकीज पार्किंग के पास एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए साकची थाना पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान मंच से जुड़े नेताओं ने थाना को ‘वसूली का अड्डा’ बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाये।
पुलिस विरोधी नारों और भीड़ की तीव्रता को देखते हुए थाने का गेट बंद कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर ले रखे थे। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान सरकारी बैनर को फाड़ दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाये जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
होटलों में अनैतिक कार्य, सड़क पर अतिक्रमण का आरोप
मंच के नेताओं ने साकची थाना क्षेत्र में खुलेआम सट्टा, मटका, अवैध होटल गतिविधियों और चोरी की घटनाओं में वृद्धि का आरोप लगाया। साथ ही कहा गया कि साकची बाजार में फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का प्रवेश भी मुश्किल हो गया है। इस दौरान थाना प्रभारी को हटाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से सुमित श्रीवास्तव, शशांक शेखर, प्रकाश दुबे, अभिषेक श्रीवास्तव, राकेश साहू, अविनाश मोहंती, मुकेश सिंह, कुमार अभिषेक, अमित सिंह, प्रवीण सिंह, मनी मोहंती, नारायण पोद्दार, कौस्तव राय, मोंटी अग्रवाल, बोल्टू सरकार समेत हजारों की संख्या में सदस्य उपस्थित थे.