जमशेदपुर : कमलपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना में बुलेट सवार युवक गोविंद माझी (21 वर्ष) पर चापड़ से जानलेवा हमला किया गया। घटना रात करीब 9:15 बजे की है जब गोविंद ड्यूटी से लौट रहा था। हमले में उसके दाहिने कंधे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
ड्यूटी से लौटते समय रास्ते में घात लगाए बैठे थे हमलावर
जानकारी के अनुसार, गोविंद काटिन सबस्टेशन से ड्यूटी कर अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान गांव के ही दशरथ माझी और प्रीतीश माझी ने पहले से घात लगाकर उस पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले के पीछे आपसी रंजिश बताई जा रही है। गोविंद के पिता और पंचायत उप प्रमुख प्रतिनिधि विश्वनाथ माझी ने बताया कि असल में हमलावरों का निशाना वे खुद थे। सोमवार रात उनकी बाइक में ईंधन खत्म हो गया था, जिसके कारण उनका बेटा उनकी बुलेट से घर लौट रहा था। हमलावरों ने अंधेरे में गोविंद को ही निशाना बना डाला।
विश्वनाथ माझी ने बताया कि बीते 21 मार्च को आरोपी प्रीतीश माझी ने उनके बकरे और खस्सी को जहर दे दिया था। इस मामले में पंचायती नहीं होने और गालीगलौज की शिकायत पर उन्होंने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सोमवार शाम करीब 8 बजे पुलिस ने प्रीतीश को नोटिस थमाया था, जिससे गुस्से में आकर उसने यह हमला किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दशरथ माझी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। वहीं दूसरा आरोपी प्रीतीश माझी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।