जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करते समय तीन युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक कुख्यात आर्म्स पैडलर शाहरुख खान भी शामिल है, जो बिष्टुपुर के धतकीडीह बी ब्लॉक स्थित मक्का अपार्टमेंट का निवासी है। पुलिस ने शाहरुख के पास से एक लोडेड देशी ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की है, जिसमें दो जिंदा कारतूस भी थे।
शाहरुख से पिस्टल खरीदने आए ललित यादव और राकेश कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ललित यादव के पास से एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया है। ललित, कदमा थाना क्षेत्र के मेरीन ड्राइव स्थित रामनगर रोड नंबर सात का निवासी है, जबकि राकेश कुमार एक्जीक्यूटिव फ्लैट, कदमा में रहता है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
सिटी एसपी शिवाशीष कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ युवक अवैध हथियारों की डील करने वाले हैं। इसके बाद रामनगर इलाके में पुलिस ने त्वरित घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीनों को दबोच लिया।
एसपी के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह हथियार कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की दिशा में जांच तेज कर रही है।