जमशेदपुर : मानगो पुल पर एंबुलेंस में बच्ची के जन्म के बाद हरकत में आई पुलिस, जाम से निपटने के निर्देश
जमशेदपुर : बुधवार रात मानगो पुल पर लगे जाम के कारण एक एंबुलेंस में महिला को बच्ची को जन्म देना पड़ा. यह घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन और यातायात पुलिस सतर्क हो गई है. ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिरज ने सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को रात 11 बजे तक चौराहों और प्रमुख सड़कों पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में समय से पहले दस्तक देगा मानसून, किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा, 5 से 7 जून के बीच झारखंड में मानसून के आने की संभावना
निरीक्षण पर निकले डीएसपी
गुरुवार की देर शाम डीएसपी श्रीनिरज ने साकची बस स्टैंड और मानगो गोलचक्कर का निरीक्षण किया. उन्होंने बस चालकों और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से बात कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता के कारण मानगो पुल पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रही.
सड़क पर बसों की पार्किंग बन रही समस्या
मानगो रोड और पुल पर लंबी दूरी की बसों की अवैध पार्किंग अक्सर जाम का कारण बनती है. गुरुवार को भी कुछ बसें सड़क किनारे खड़ी देखी गईं. कई बार चालक बस स्टैंड से निकलने के बाद सड़क किनारे बसें खड़ी कर यात्रियों का इंतजार करते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इस पर कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें : रेल लाइन ब्लॉक: साउथ बिहार एक्सप्रेस 12 दिन नहीं आएगी टाटानगर, रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कांड्रा तक शुरू की विशेष बस सेवा
डीएसपी का बयान
“यातायात पुलिस को रात 11 बजे तक मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान जाम ना लगे, इसका प्रयास किया जा रहा है।”
— श्रीनिरज, डीएसपी, ट्रैफिक, जमशेदपुर
