जमशेदपुर : अपराध की योजना बनाते दो युवक गिरफ्तार, हथियार बरामद, कदमा पुलिस की तत्परता से बड़ी वारदात टली
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनारी के ग्वाला बस्ती निवासी अंकुर सिंह और सीतारामडेरा के न्यू बाराद्वारी देवनगर निवासी उदयभान सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल और तीन राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर : ‘संविधान बचाओ रैली’ की तैयारी को लेकर कांग्रेस की बैठक आयोजित, 25 मई को साकची में पार्टी नेताओं का होगा जुटान
एलआईसी ग्राउंड के पास रची जा रही थी साजिश
एसएसपी किशोर कौशल ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमा के एलआईसी ग्राउंड के पास दो युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई और दोनों युवकों को मौके से ही धर-दबोचा गया.

