जमशेदपुर : जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो को एक बार फिर प्रतिष्ठित संसद रत्न पुरस्कार 2025 के लिए चयनित किया गया है. यह तीसरा अवसर है जब सांसद महतो को इस सम्मान से नवाजा जाएगा. इस उपलब्धि के ऐलान के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के बीच उत्साह की लहर है.
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने सांसद विद्युत वरण महतो को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे लौहनगरी के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा, “सांसद महतो ने अपने 11 वर्षों के कार्यकाल में जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम किया है. उनकी कार्यकुशलता, दूरदर्शी सोच और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण उन्हें यह सम्मान मिल रहा है. यह उनकी जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है.”
जनता के समर्थन की जीत: प्रेम झा
भाजपा के मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने भी इस सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पुरस्कार सांसद महतो की अथक मेहनत के साथ-साथ जमशेदपुर की जनता के विश्वास और समर्थन की भी जीत है. उन्होंने कहा कि संसद में सक्रिय भागीदारी, मुद्दों को उठाने और नीतिगत चर्चाओं में उनके योगदान की देशभर में सराहना होती रही है.
गौरतलब है कि संसद रत्न पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2010 में प्राइम पॉइंट फाउंडेशन और ई-मैगजीन ‘प्रिंसेस’ द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सुझाव पर की गई थी. इसका उद्देश्य संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सांसदों को प्रोत्साहित करना और सार्वजनिक रूप से सम्मानित करना है. यह पुरस्कार उन सांसदों को दिया जाता है जो संसदीय कार्यों, जनहित मुद्दों और विधायी योगदान में उल्लेखनीय भूमिका निभाते हैं.