अस्पताल में नर्स की मौत का मामला: हत्या की आशंका, संचालक हिरासत में!
अस्पताल में नर्स की संदिग्ध हत्या, गले की तीन हड्डियां टूटीं – संचालक हिरासत में
सीएमओ के निर्देश पर अस्पताल सील, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सनसनी
संत कबीरनगर।
जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के टेमा रहमत स्थित संस हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में कार्यरत एक 24 वर्षीय नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नर्स के गले की तीन हड्डियां टूटी पाई गई हैं, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अस्पताल संचालक रामजी राव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। वहीं, सीएमओ के निर्देश पर अस्पताल को सील कर दिया गया है।
मूल रूप से पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पहुरा गांव की रहने वाली पीड़िता ममता (24 वर्ष) सोमवार की रात करीब 11 बजे अपनी मां को फोन कर बताया कि वह रात में अस्पताल में ही रुकेगी और सुबह घर लौटेगी।
मंगलवार सुबह सात बजे तक जब ममता अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो पास के कमरे में रह रहे कर्मचारियों ने दरवाजा खोलकर देखा। कमरे में कुंडी नहीं लगी थी। ममता बेसुध अवस्था में पाई गई, और उसके गले पर तीन जगह खरोंच के निशान स्पष्ट दिखाई दिए।
घटना की जानकारी परिजनों को दी गई, जो मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
सूचना मिलते ही सीओ, एएसपी सुशील सिंह, और बाद में एसपी भी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संचालक रामजी राव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
